मथुरा की कृष्ण विहार कॉलोनी में 30 जून को धराशायी हुई 2.50 लाख लीटर की पानी की टंकी हादसे में निलंबित अभियंताओं से प्रशासनिक जांच कमेटी ने जवाब तलब किया है। इन सभी को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है।
प्रशासनिक जांच कमेटी की अध्यक्षता कर रहे एडीएम न्यायिक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे के लिए प्रथम दृष्टया सरकारी कार्य के निर्वहन की जिम्मेदार में लापरवाह पाए गए मथुरा पेयजल पुनर्गठन योजना थ्रू गोकुल बैराज पार्ट-1 योजना पर तैनात सहायक अभियंता ललित मोहन, जू. अभियंता शोभित कुमार, वीरेंद्र पाल, रविंद्र प्रताप सिंह और अधिशासी अभियंता दयानंद शर्मा को शासन ने निलंबित किया गया है। वहीं, तत्कालीन सहायक अभियंता दिव्यांशु कुमार सिंह के विरुद्ध अनुशासनिक जांच बैठाई गई है। अधिशासी अभियंता महाराज सिंह, कुमकुम गंगवार व तत्कालीन सहायक अभियंता राम प्रकाश यादव पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इनमें से सहायक अभियंता खेमकरण की 2022 में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई है। खेमकरण के अलावा अन्य सभी अभियंताओं को नोटिस जारी किया गया है।