आगरा में सिकंदरा वाटरवर्क्स से जुड़े 10 जोनल पंपिंग स्टेशनों से सोमवार को पेयजल आपूर्ति 24 घंटे के लिए ठप रहेगी। जल निगम की गंगाजल इकाई द्वारा शाहगंज द्वितीय जोनल पंपिंग स्टेशन पर नए बने भूमिगत जलाशय से मेन फीडर लाइन का कनेक्शन किया जाना है। इस काम को सोमवार की सुबह 9 बजे शुरू किया जाएगा, जिसमें 24 घंटे का समय लगने का अनुमान है। जल निगम ने लोगों से पानी स्टोर करके रखने की अपील की है।
जल निगम की गंगाजल इकाई के परियोजना प्रबंधक आरके गुप्ता ने बताया कि आगरा संपूर्ति पेयजल योजना में शाहगंज द्वितीय पंपिंग स्टेशन पर 4300 किलो लीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय और पंप हाउस का निर्माण किया गया है। पिछले महीने इसके इनलेट का कनेक्शन किया गया था और अब सोमवार की सुबह इसके आउटलेट के कनेक्शन के लिए 24 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- World Senior Citizens Day: सेवानिवृत्ति के बाद सेवा का संकल्प, पढ़िये इनकी सेवा की कहानी
इस पंपिंग स्टेशन पर फीडर मेन लाइन का कनेक्शन नेटवर्क से किया जाएगा। जल निगम इस कनेक्शन का काम शुक्रवार को करने वाला था लेकिन लगातार बारिश के कारण काम में देरी होने की आशंका थी इस वजह से जलकल अधिकारियों के साथ बैठक करके जल निगम ने सोमवार का समय शटडाउन के लिए चुना है।
इन क्षेत्रों में सोमवार शाम को नहीं मिलेगा पानी
प्रोजेक्ट मैनेजर आरके गुप्ता के मुताबिक शटडाउन के दौरान लोहामंडी, शाहगंज प्रथम, शाहगंज द्वितीय, शाहगंज तृतीय, बोदला, हलवाई की बगीची, लॉयर्स कॉलोनी, सूर्य नगर, संजय प्लेस, निर्भय नगर समेत 10 जोनल पंपिंग स्टेशन बंद रहेंगे।
इनके अलावा भी अन्य क्षेत्रों की सप्लाई भी बाधित रह सकती है। दरअसल सिकंदरा वाटरवर्क्स से शाहगंज द्वितीय पंपिंग स्टेशन पर जिस लाइन पर काम किया जाना है, उससे जुड़ी इंटरकनेक्टेड अन्य लाइनों को भी बंद करना पड़ेगा। इस वजह से जल निगम अधिकारियों ने इन क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वह पानी स्टोर करके रख लें, जिससे उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।