आगरा के नौलक्खा, रकाबगंज, एमईएस, छावनी, बुंदू कटरा, मधु नगर, नामनेर, ईदगाह और प्रतापपुरा क्षेत्र के लोग 24 सितंबर तारीख को सुबह सप्लाई के दौरान पानी भरकर रख लें। जल निगम की गंगाजल इकाई नौलक्खा के भूमिगत जलाशय में इनलेट पाइप के कनेक्शन के लिए 24 घंटे का शटडाउन ले रही है।
इस वजह से 24 सितंबर को सुबह 9 से 25 सितंबर की सुबह 9 बजे तक जलापूर्ति ठप रहेगी। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से लाइन जुड़ी होने के कारण इस पूरे क्षेत्र में सप्लाई बाधित रहेगी। इस दौरान दो लाख लोगों को पानी की किल्लत झेलनी होगी।
जलनिगम की गंगाजल इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके गुप्ता ने बताया कि आगरा जलापूर्ति योजना के तहत नौलक्खा में 2600 किलो लीटर क्षमता का भूमिगत जलाशय बनाया गया है। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से आ रही मेन राइजिंग लाइन का इनलेट पाइप कनेक्शन इस जलाशय के साथ किया जाना है, जिसमें 24 घंटे का समय लग जाएगा।
इसलिए 24 सितंबर की सुबह 9 से 25 सितंबर की सुबह 9 बजे तक इनलेट पाइप कनेक्शन के लिए शटडाउन रखा जाएगा। शटडाउन के कारण नौलक्खा, रकाबगंज, एमईएस, छावनी, बुंदू कटरा, मधु नगर, नामनेर, ईदगाह और प्रतापपुरा क्षेत्र की जलापूर्ति 24 घंटे के लिए बाधित रहेगी। इसलिए उनकी अपील है कि इस क्षेत्र के लोग पहले ही पानी भरकर रख लें ताकि उन्हें किल्लत का सामना ना करना पड़े।