टूंडला में समीक्षा बैठक लेते खंड विकास अधिकारी नरेश कुमार व चिकित्सा अधीक्षक डा संजीव वर्मा
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर ब्लॉक स्तरीय अंतर विभागीय समीक्षा बैठक खंड विकास कार्यालय परिसर में हुई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि इस अभियान में विभिन्न विभाग शामिल होंगे। सभी विभागों को दायित्व भी सौंपे गए। कोविड-19 के साथ ही इस समय सीजनल वायरल फैला हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बुखार के रोगियों को चयनित करेगी और उन्हें उपचार दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों से मच्छर पैदा होने से रोकने के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाएगा साथ ही वह माइक के द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में हैंडपंप जो पानी छोड़ चुके हैं, उन्हें पंचायती राज विभाग द्वारा रीबोर कराया जाएगा। आंगनबाड़ी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा शूकर पालन होने वाली जगहों पर गंदगी न रहे इसके लिए सफाई अभियान चलाया जाएगा। बीडीओ नरेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार, सीडीपीओ, एडीओ पंचायत लक्ष्मण सिंह, एडीओ समाज कल्याण, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अर्जुन सिंह, केदार सिंह, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उपेंद्र रतन सिंह आदि उपस्थित रहे।