सिकंदरा से यमुना जल सप्लाई
जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि पालड़ा फॉल से गंगाजल काफी कम मिला है जिस वजह से सिकंदरा को पूरी तरह से यमुना जल पर चला रहे हैं जबकि बुलंदशहर से मिल रहा गंगाजल सीधे जीवनी मंडी पर शोधित कर रहे हैं। बुधवार से स्थिति सुधर जाएगी।
ताजगंज, नोलक्खा, छावनी में नहीं मिला पानी
ताजगंज, नौलक्खा, रकाबगंज, एमईएस, छावनी, बुंदू कटरा, मधु नगर, नामनेर, ईदगाह और प्रतापपुरा क्षेत्र के लोगों को सोमवार की शाम को पानी नहीं मिल पाया। सुबह 10 बजे तक बहुत कम मात्रा में पानी की सप्लाई हुई जिससे लोग स्टोर ही नहीं कर पाए। जल निगम की गंगाजल इकाई ने सुबह 10 बजे से 20 घंटे का शटडाउन लिया, जिससे सोमवार की शाम को तो पानी मिला नही और मंगलवार सुबह भी नहीं मिल पाएगा।
नौलक्खा पंपिंग स्टेशन के भूमिगत जलाशय में एमईएस फीडर, मेन लाइन पर आउटलेट पाइप के कनेक्शन के लिए काम चल रहा है। जलनिगम की गंगाजल इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके गुप्ता ने बताया कि नौलक्खा में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से आ रही मेन राइजिंग लाइन का आउटलेट पाइप कनेक्शन जलाशय के साथ किया गया है।
सिकंदरा वाटर वर्क्स से 100 एमएलडी पानी की कमी तो चल ही रही थी, लोगों की दिक्कतें लीकेज पाइपलाइन ने और बढ़ा दी। प्रेम नगर और आवास विकास कॉलोनी में पानी की पाइप लाइन लीक हो जाने के कारण प्रेशर और कम हो गया।
सिकंदरा से केवल 110 एमएलडी पानी ही लोगों को मिल रहा है जबकि 3 दिन पहले तक 216 एमएलडी की सप्लाई सिकंदरा से हो रही थी। प्रेशर कम होने के साथ ही प्रेम नगर में पाइप लाइन लीक हो गई। वहीं, आवास विकास कॉलोनी में 33 केवी बिजली घर के पास लीक लाइन से पानी बर्बाद होता रहा।