किरावली। दीपावली से पूर्व रायभा के बघेल मोहल्ले की जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी। यह निर्णय बृहस्पतिवार को जलनिगम के अवर और ग्रामीणों के बीच हुई बैठक में लिया गया।
विज्ञापन
बुधवार को किसान नेता दिलीप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने खाली बर्तन, बाल्टी और तख्तियां लेकर तहसील मुख्यालय पर धरना दिया था। एसडीएम अभिनव पाठक के निर्देश पर तहसीलदार दीपांकर ने ग्रामीणों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच वार्ता कराकर धरना समाप्त करा दिया था। बृहस्पतिवार को प्रदर्शनकारियों के साथ बैठक कर जल निगम के अवर अभियंता राजेश कुमार ने दीपावली से पूर्व जल निगम की पाइप लाइन जोड़ने और रायभा बघेल मोहल्ले की जलापूर्ति को गोपऊ समरसेबल से हटाकर रायभा टंकी से जोड़कर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया। वहीं तहसीलदार किरावली दीपांकर ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जितेंद्र प्रताप सिंह को बागकलां की पुलिया का विस्तार कराने व विद्युत विभाग के सहायक अभियंता संतोष कुमार विश्वकर्मा को गूंगाशाह की मजार से लाइन शिफ्टिंग कराने के निर्देश दिए। बैठक में भाकियू अमर टिकैत के जिलाध्यक्ष प्रदीप मुखिया, विनोद सिकरवार, मुकेश यादव, भूपेंद्र इंदौलिया, गंगाराम माहौर, मुकेश सविता, प्रमोद कर्दम आदि ग्रामीण मौजूद रहे।