मैनपुरी। शहर के मोहल्ला वंशीगोहरा में मंगलवार को पानी की मुख्य सप्लाई लाइन फट गई। इससे सोमवार की शाम और मंगलवार की सुबह और शाम करीब 450 घरों में पानी की सप्लाई बाधित रही। सर्दी में लोगों को पानी के लिए भटकते हुए देखा गया।
शहर के मोहल्ला वंशीगोहरा में पानी की नई लाइन बिछाए जाने का कार्य किया जा रहा है।
सोमवार की शाम नई लाइन बिछाए जाने के दौरान यहां मोहल्ला वंशीगोहरा, छपट्टी और पंजाबी कॉलोनी को जाने वाली पानी की पाइप लाइन फट गई। इसके चलते मोहल्लों के 450 घरों की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। लाइन फटने से जहां सोमवार की शाम तीनों मोहल्लों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच सका। वहीं मंगलवार को सुबह-शाम भी पानी की सप्लाई पूरी तरह से बाधित रही। लोगों को घरों से सौ से दो सौ मीटर दूरी तक पानी भरने के लिए जाना पड़ा।
नगर पालिका ने शुरू किया मरम्मत कार्य
मंगलवार को पाइप लाइन फटने की जानकारी के बाद नगर पालिका के पेयजल लिपिक वरुण मिश्रा ने एक टीम वंशीगोहरा भेजकर यहां मरम्मत का कार्य शुरू कराया। देर शाम तक लाइन ठीक नहीं की जा सकी थी। लिपिक वरुण मिश्रा का कहना था कि बुधवार की सुबह तक लाइन ठीक करा दी जाएगी।
मोहल्ले में दो दिन से पानी नहीं आ रहा है। इसके चलते 100 मीटर दूर स्थित हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा है।
सरनाम वर्मा, वंशीगोहरा
पाइप लाइन फटने के तुरंत बाद ही नगर पालिका को सूचना दे दी गई थी। बावजूद इसके दोपहर तक सप्लाई लाइन की मरम्मत नहीं हो सकी थी।
सोवित कुमार, वंशीगोहरा
नगर पालिका की ओर से जल निगम की लापरवाही की बात कह रही है। नगर पालिका को इस समस्या का शीघ्र निस्तारण कराना चाहिए।
पंकज कुमार, छपट्टी
सर्दी के मौसम में बाहर जाना मुश्किल है। पेयजल व्यवस्था बाधित होने के कारण दो सौ मीटर दूरी से पानी लाना पड़ रहा है।
अमरीश चंद्र, छपट्टी
जल निगम की लापरवाही से लाइन फटी है, जिसे ठीक कराने का कार्य शुरू करा दिया गया है। बुधवार की सुबह तक सप्लाई चालू करा दी जाएगी। फिलहाल पूरा पानी तो नहीं पहुंच रहा है, लेकिन घरों तक कुछ पानी पहुंच रहा है।
लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका