मैनपुरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए तैयारी जोरों पर हैं। इसके लिए फिलहाल मतपत्र लाने में प्रशासन जुटा है। मंगलवार को रामपुर से प्रधान पद के मतपत्र लाने के लिए जिला प्रशासन ने टीम को भेजा। टीम बुधवार को कड़ी सुरक्षा में मतपत्र लेकर लौटेगी।
पंचायतों में प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद चुनाव प्रस्तावित है।
मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से प्रधान पद के 18 चिह्नीं मतपत्र लाने के लिए नौ सदस्यीय टीम को रवाना किया गया। डिप्टी कलेक्टर अनूप कुमार के नेतृत्व में भेजी गई टीम में अपर जिला सांख्यिकीय अधिकारी शिवप्रकाश के अलावा तीन अन्य कर्मचारी व चार पुलिसकर्मी शामिल हैं।
ये टीम 2.13 लाख मतपत्रों की गिनती करने के बाद उन्हें बक्सों में सील कर कड़ी सुरक्षा में बुधवार रात तक लेकर लौटेगी। यहां सदर तहसील स्थित डबल में रखवाया जाएगा। इससे पहले भी ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए दिल्ली से 47.96 लाख मतपत्र मंगाए जा चुके हैं। रामपुर से मतपत्र आने के बाद ये काम पूर्ण हो जाएगा।
वर्जन
जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर एक टीम रामपुर मतपत्र लेने के लिए गई है। कड़ी सुरक्षा में मतपत्रों को लाकर तहसील के डबल लॉक में रखा जाएगा। - ईशा प्रिया, सीडीओ/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत।