कासगंज। पहाड़ों पर हो रही निरंतर बारिश से एक बार फिर से पानी का दबाव कछला गंगानदी में बढ़ने लगा है। सिंचाई विभाग ने पानी के बढ़ते दबाव को देख निगरानी तेज कर दी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष को अलर्ट रहने को कहा गया है।
पिछले दिनों बैराजों पर बढ़े पानी के बाद जिले में बाढ़ के हालात बने थे। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग गंगानदी के पानी की निगरानी में जुटा हुआ है। भले ही अभी बाढ़ का खतरा नहीं है, लेकिन पानी की धार धीमे-धीमे तेज होने लगी है। सर्वाधिक दबाव फिलहाल हरिद्वार बैराज पर है। ऐसे में आने वाले समय में कछला गंगानदी में जलस्तर बढ़ जाएगा। बंधों पर विभाग की नजर है, यदि पानी बढ़ता है तो बंधे कमजोर न हो जाएं।
ग्राम प्रधानों के साथ सामंजस्य
गंगा किनारे के ग्राम प्रधानों के साथ सिंचाई विभाग की टीमों ने सामंजस्य बनाया है। प्रधानों से सहयोग की अपील की जा रही है। प्रधान भी मनरेगा के तहत गंगानदी के किनारे पानी की धार को रोकने के लिए काम कराने में जुट गए हैं।
आंकड़े की नजर से-
- 136602 क्यूसेक पानी हरिद्वार से छोड़ा।
- 82604 बिजनौर बैराज से छोड़ा गया।
- 26678 पानी नरौरा बैराज से छोड़ा गया।
- 162.10 मीटर के निशान पर मंगलवार को था गंगा का गेज।
- 161.85 मीटर के निशान पर था सोमवार को कछला का गेज।
- गंगानदी में बैराजों से पानी का दबाव बढ़ रहा है। निरंतर निगरानी की जा रही है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ ग्राम प्रधानों का भी सहयोग लिया जा रहा है।- अरूण कुमार, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।