महमूद नगर में नाले में भरा कचरा
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। पालिका की ओर से बारिश से पहले ही नालों की सफाई का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। इसके कारण जहां कई स्थानों पर मुख्य नालों की सफाई नहीं हो सकी है, वहीं जिनकी सफाई हुई भी है, वहां कचरा न उठाने के कारण बारिश में वह नालों में ही बह रहा है। इससे बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव होगा। साथ ही लोगों के लिए मुश्किलें भी खड़ी होंगी।
नगर में नाला सफाई का कार्य पहले तो देर से शुरू किया गया। जब किया भी गया तो इतनी धीमी गति से किया गया कि बारिश शुरू हो गई और अभी कई नालों की सफाई शुरू तक ही नहीं की जा सकी। जिसके चलते इन इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा होने की संभावना बढ़ गई है। वहीं जहां सफाई की भी गई थी वहां बारिश होने के कारण कचरा नालों में ही फिर से समा गया। नगर पालिका प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे लाखो खर्च होने के बाद भी नतीजा वही ढांक के तीन पात ही नजर आ रहा है। नाला सफाई में 30 लाख से अधिक के टेंडर उठाए गए हैं।
इलाकों में हो सकता है जलभराव
मैनपुरी। नालों की सफाई न होने के कारण नगर के मोहल्ला नगला रते, रामलीला मैदान, राजीव गांधी नगर, गाड़ीवान, खरगजीत नगर, वंशीगोहरा आदि क्षेत्रों में जलभराव की स्थित हो सकती है। आगरा बाईपास रोड पर तो नाला वर्षों से बंद है। यहां घरों का पानी सड़क पर ही भर जाता है। जिससे जरा सी बारिश में लोगों को दिक्कतों का सामना उठाना पड़ रहा है।