आगरा में रक्षाबंधन के त्योहार पर पुराने शहर के साथ अर्जुन नगर, खेरिया मोड़, यमुनापार के इलाके में पानी का संकट रहा। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के पास काली माता मंदिर के सामने 28 इंच लाइन में लगे वाल्व के लीकेज के कारण समस्या पूरे दिन बना रहा। पानी की लाइन की मरम्मत के कारण सुबह पुराने शहर के काला महल, पीपल मंडी, छीपीटोला, जीवनीमंडी, बेलनगंज, रकाबगंज, मंटोला, बिजलीघर, चक्कीपाट, बालूगंज आदि क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचा। इससे 2 लाख से ज्यादा लोगों को त्योहार पर पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
पीपलमंडी के पार्षद रवि बिहारी माथुर ने बताया कि जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के पास लीकेज के कारण काला महल पानी की टंकी से उनके क्षेत्र में सप्लाई नहीं हुई। यहां सकरी गलियां हैं, जहां टैंकर भी नहीं पहुंच पाते। लोग रक्षाबंधन के त्योहार पर पानी के लिए परेशान रहे। यहां लीकेज और वाल्व में खराबी के कारण बार-बार परेशानी हो रही है। जलकल विभाग के सचिव एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पुराने शहर से ऐसी कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। वह शुक्रवार को टीम भेजकर जांच करा लेंगे कि पानी क्यों नहीं आया।
अर्जुन नगर, खेरिया मोड़ को न मिला पानी
अर्जुन नगर निवासी राजकुमार नागरथ ने बताया कि बुधवार की शाम को पानी नहीं आया। बृहस्पतिवार की सुबह भी आपूर्ति नहीं हुई। जलकल विभाग के इंजीनियरों को फोन किया तो बताया कि लीकेज की मरम्मत के कारण पानी नहीं आया है। हर त्योहार पर ऐसे ही कोई न कोई बाधा आ जाती है।
कछपुरा में भी 8 दिन से आपूर्ति नहीं हो रही
ताजमहल के पार्श्व में मौजूद कछपुरा गांव में पीने के पानी की सप्लाई न होने से लोग परेशान हैं। क्षेत्रीय निवासी शकुंतला देवी ने बताया कि 8 दिन से जलापूर्ति नहीं हुई है। जलकल विभाग और पार्षद को भी पानी न आने की शिकायत कर चुके, पर कोई समाधान नहीं किया गया। टैंकर भी नहीं भेज रहे। त्योहार पर पानी के कारण परेशान रहे। दूर लगे सबमर्सिबल पंप से पानी भरने जाना पड़ा।