मैनपुरी नगर पालिका के वार्ड संख्या 28 नगरिया के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। वार्ड में लगे 13 हैंडपंप खराब हैं। पानी की पाइपलाइन बिछाई नहीं गई है। इससे लोगों को पीने के पानी की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी के संकट से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगरिया गांव को 2016 में नगर पालिका में शामिल किया गया। लेकिन यहां के लोगों की समस्याएं खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। हालत यह है कि यहां के लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा है। पांच हजार की आबादी वाले इस वार्ड में लगभग 1600 घर हैं। इनमें से 800 घरों के लिए टंकी से पानी की सप्लाई की व्यवस्था पालिका नहीं करवा पाई है। मोहल्ले में लगे 51 में से 13 हैंडपंप खराब है। 20 पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। बार-बार की शिकायत के बाद भी नगर पालिका प्रशासन वार्ड में पानी की समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे वार्ड के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन
सोमवार को पानी की समस्या से जूझ रहे नगर पालिका के वार्ड संख्या 28 नगरिया के लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि यदि शीघ्र उनके यहां पेयजल समस्या निदान नहीं किया गया तो वे लोग नगर पालिका कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।