जीवनी मंडी से मंगलवार को शुरू होगी जलापूर्ति
आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी ने काली माता मंदिर के पास जीवनी मंडी रोड पर रविवार सुबह 1200 मिमी व्यास की लाइन की शिफ्टिंग का काम शुरू किया था, जो सोमवार शाम 6 बजे तक पूरा हो गया। इस मरम्मत कार्य केकारण जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जुड़े क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचा।
प्लांट बंद होने से कोतवाली, रकाबगंज, छीपीटोला, हवेली बहादुर खां, गाड़ी वाली बस्ती, भैंरो बाजार, घटिया आजम खां, खटकीपाड़ा, फुल्लटी बाजार, मंटोला, ढोलीखार, धुलियागंज, मोती कटरा, पन्नी वाली गली, राजा की मंडी, नूरी गेट, गधापाड़ा, जीवनी मंडी, कटरा मदारी खां, महावेद नगर आदि क्षेत्रों में पानी नहीं आया। आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी के नोडल अधिकारी आरकेसिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी का काम सोमवार शाम को पूरा हो गया। कुछ घंटों के बाद लाइन से सप्लाई शुरू हो जाएगी। मंगलवार सुबह से जलापूर्ति होने की उम्मीद है।
सिकंदरा वाटरवर्क्स के दोनों प्लांट हुए बंद
जलनिगम की विश्व बैंक इकाई ने शाहगंज जोनल पंपिंग स्टेशन में सोमवार सुबह दस बजे से तीन दिन के लिए सिकंदरा स्थित एमबीबीआर और गंगाजल प्लांट को बंद कर दिया। इससे शाम को सिकंदरा, बोदला, मारुति एस्टेट, आवास विकास कालोनी सेक्टर एक से 16, जयपुर हाउस, लोहामंडी, केदारनगर, खेरिया मोड़, शाहगंज, दयालबाग, खंदारी, राजा की मंडी, संजय प्लेस, लॉयर्स कालोनी, लोहामंडी, बल्का बस्ती, गोकुलपुरा, मदिया कटरा सहित अन्य क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो पाई। सिकंदरा के 144 एमएलडी एमबीबीआर प्लांट और 144 एमएलडी गंगाजल प्लांट दोनों ही बंद रहे।