आगरा के यमुनापार क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जलापूर्ति बाधित रहने से 12 से अधिक इलाकों के लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ा। नरायच स्थित पानी की टंकी की सफाई के चलते सुबह से ही नलों में पानी नहीं आया, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई।
टेढ़ी बगिया, अशोक बिहार, इस्लाम नगर,श्याम नगर, केला देवी मंदिर, न्यू कृष्णा कॉलोनी, सती नगर, श्याम विहार, सत्य नगर, सुदामापुरी, नगला रामबल, बसेरा कॉलोनी, महावीर नगर, बालाजी नगर और इंदिरा नगर समेत कई क्षेत्रों में लोग पानी के लिए परेशान नजर आए।
कई घरों में पहले से पानी का भंडारण नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। मजबूर होकर निजी टैंकरों और आरओ प्लांट से पानी खरीदना पड़ा। वैकल्पिक व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से लोगों को टैंकर का इंतजार करना पड़ा। कुछ इलाकों में टैंकर देर से पहुंचे, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
टेढ़ी बगिया निवासी सुनील कुमार ने बताया, सुबह से पानी नहीं आया है। घर के सारे काम ठप हो गए। टैंकर के लिए फोन किया, लेकिन समय पर सुविधा नहीं मिल सकी। वहीं गृहिणी नारायच निवासी ममता देवी ने कहा, बच्चों के स्कूल और घर के कामों में बहुत दिक्कत हुई। अगर पहले से सही जानकारी और व्यवस्था होती तो इतनी परेशानी नहीं होती।
जलकल विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार का कहना है कि पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए टंकियों की सफाई जरूरी है। जिन इलाकों में ज्यादा समस्या हुई, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रयास जा रहा हैं। शुक्रवार से पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से चालू रहेगी।