आगरा में सीओडी के सामने मैदान में बृहस्पतिवार शाम चाैकीदार सुरेश (55) की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची सदर पुलिस को शव पड़ा मिला। पुलिस को शक है कि शराब पीने के दाैरान किसी जानकार ने हत्या की है। हालांकि परिजन ने किसी रंजिश से इन्कार किया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।
509 आर्मी बेस वर्कशाप के पीछे नगला भवानी निवासी सुरेश मधु नगर स्थित एक मार्केट में चाैकीदार थे। वह मार्केट में आने वाले वाहनों को खड़ा कराते थे। दुकानदार उन्हें अलग से कुछ न कुछ रकम देते थे। उनके एक बेटा हर्ष और तीन बेटियां हैं।
बेटे ने बताया कि पिता शाम को ड्यूटी जाते थे, रात 10 बजे तक आ जाते थे। बृहस्पतिवार रात घर नहीं आए। वह चौकीदारी करने भी नहीं पहुंचे थे, इससे चिंता हो गई। सीओडी के सामने मैदान में किसी ने पेड़ के नीचे शव पड़ा होने पर पुलिस को सूचना दी थी। सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रात में फोटो देखकर बेटे ने पिता की पहचान की।
घटनास्थल के आसपास नहीं है कैमरा
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि घटना की पड़ताल के लिए दो टीम लगाई हैं। बेटे हर्ष ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। किसी तरह की रंजिश नहीं बताई गई हैं। वह शाम 4 बजे निकले थे, रात करीब 8 बजे शव मिला था। आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है। पुलिस सुरेश के परिचित और दोस्तों से जानकारी के प्रयास में लगी है।