मलपुरा। पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस को तलाश थी।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा विहार कॉलोनी, जखौदा निवासी सुनीश शर्मा ने 4 मई को थाना मलपुरा में तहरीर देकर बताया था कि चोर उनके घर से कीमती सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना मलपुरा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को चेकिंग एवं गश्त के दौरान थाना मलपुरा पुलिस टीम ने जखौदा पुल के पास से मुकदमे में वांछित आरोपी गोविंद उर्फ गुरु उर्फ कृष्णा मिश्रा, निवासी कुतुब विहार, थाना नजफगढ़, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि इसी चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।