वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर के बाद अब रंगनाथ मंदिर के पट भक्तों के लिए खुलने जा रहे हैं। शरद पूर्णिमा के अवसर पर 30 अक्तूबर से मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कोविड-19 की गाइनलाइन के अनुसार मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन कराए जाएंगे। यह फैसला मंदिर प्रबंधन ने स्थानीय ब्राह्मण समाज और पंडा पुजारियों के साथ हुई बैठक के बाद लिया।
मंगलवार को समाजसेवी कपिल देव उपाध्याय के नेतृत्व में तीर्थ पुरोहितों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर की मुख्य अधिशाषी अधिकारी अनघा श्रीनिवासन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर के बंद होने के कारण तीर्थ पुरोहित, व्यापारी और क्षेत्रीय आमजन के सामने आ रही समस्याओं से रूबरू कराया।
इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने शरद पूर्णिमा के अवसर पर 30 अक्टूबर से मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोलने का निर्णय लिया। कपिल देव उपाध्याय ने कहा कि वह और तीर्थ पुरोहित, व्यापारी वर्ग और आमजन की तरफ से मंदिर प्रबंधन के आभारी हैं। उन्होंने सभी से निवेदन किया कि सभी लोग कोविड के नियमों का पालन करें और मंदिर की गरिमा बनाएं रखें।
मंदिर की सीईओ अनघा श्रीनिवासन ने बताया कि मंदिर को कोविड-19 के नियमों के अनुसार खोला जाएगा। श्रद्धालुओं को मास्क लगाना आवश्यक है। इसके साथ ही सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी बनाए रखने की व्यवस्था की जाएगी। हर श्रद्धालु का मंदिर के मुख्य द्वार पर तापमान भी नापा जाएगा। श्रद्धालु मंदिर में किसी भी चीज को न छुएं।