जैतपुर के चौबेपुरा गांव में किसान विनोद बघेल के पावरग्रिड के ठेकेदार की फटकार से क्षुब्ध होकर खुदकुशी करने के मामले में शुक्रवार को पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने उनकी पत्नी गंगाश्री को पावरग्रिड की ओर से पांच लाख रुपये का चेक दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि कर्ज में डूबे किसान विनोद बघेल ने आलू की फसल बर्बाद होने पर मुआवजा की मांग पावरग्रिड के ठेकेदार से की थी। आरोप है कि तब ठेकेदार ने उन्हें हड़काकर भगा दिया था। इससे क्षुब्ध होकर उन्होंने खुदकुशी कर ली थी। शुक्रवार को आर्थिक सहायता देकर पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने किसानों को उनकी फसल के नुकसान का उचित मुआवजा देने की बात पावरग्रिड के अधिकारियों से कही। पावरग्रिड के मैनेजर आरसी भारद्वाज ने 10 दिन में डेढ़ लाख रुपये और एसडीएम उमाशंकर ने तीस हजार रुपये देने की बात कही है। इस दौरान सौदान सिंह भदौरिया, सुग्रीव सिंह, भूपेन्द्र सिंह, सोनू प्रधान, राजकुमार यादव, सागर सिंह, कंचन सिंह आदि मौजूद रहे।
-------
23 को प्रदर्शन के लिए भाजपा ने की तैयारी
बाह। किसान विनोद बघेल की पत्नी को ज्यादा मुआवजा दिलाने, रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्र्ीय अध्यक्ष एसपी सिंह बघेल के नेतृत्व में 23 फरवरी को प्रदर्शन होगा। एसपी सिंह बघेल का कहना है कि मृतक के परिवार को जो मुआवजा दिया गया है वह पावरग्रिड ने दिया है। यह एक केंद्रीय संस्था है। पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से भी आर्थिक सहायता देनी चाहिए। प्रदेश सरकार की उदासीनता के चलते प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन की अनुमति एसडीएम उमाशंकर से मांगी है। इस संबंध में तहसील प्रभारी प्रयाग नरायन शर्मा, हरीओम पांडेय, राजेन्द्र प्रसाद दुबे, सतेंद्र बरूआ आदि ने एसडीएम से मिले। एसडीएम ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।