यमुना एक्सप्रेस-वे पर ग्रामीणों ने लगाया जाम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के खंदाैली में यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 145 पर मंगलवार शाम बल्देव थाना क्षेत्र के गांव नगला हेता में बाइक सवार दो युवकों की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से माैत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को शवों को एक्सप्रेस-वे पर रखकर जाम लगा दिया। वे हादसे के जिम्मेदार वाहन को पकड़ने और मुआवजे की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटे बाद प्रशासन के मुआवजे और मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।
गांव पैंतखेड़ा, खंदाैली निवासी तरुण कुमार (26) और जैकी उर्फ निर्मल (30) रुनकता स्थित एक जूता फैक्टरी में काम करते थे। परिजन ने बताया कि वह रोजाना एक्सप्रेस वे होकर फैक्टरी जाते थे। मंगलवार शाम तकरीबन छह बजे एक्सप्रेस वे होते हुए बाइक से घर आ रहे थे। माइलस्टोन 145 पर स्थित गांव नगला हेता के समीप किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तरुण और जैकी की माैके पर माैत हो गई। घटनास्थल मथुरा के बल्देव थाना क्षेत्र का था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बुधवार दोपहर एक बजे पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाए गए। इसके बाद परिजन शवों को लेकर एक्सप्रेस वे पर आ गए। टोल प्लाजा चाैकी के पास शवों को रखकर एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। परिजन का कहना था कि हादसा करने वाले वाहन को पकड़ा जाए। इसके साथ ही परिवार को मुआवजा भी मिले। जाम लगाने वालों में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वो अपनी मांग पर अड़े रहे।
यमुना एक्सप्रेस वे पर नोएडा से आगरा की तरफ आने वाली लाइन पर जाम से बड़ी संख्या में वाहन फंस गए। कुछ लोगों ने अपने वाहनों को निकालने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण भड़क गए। वाहन चालकों से जमकर तकरार हुई। पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। करीब एक घंटे बाद नायब तहसीलदार एत्मादपुर हेमंत कुमार पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को मुआवजे का आश्वासन दिया। टोल प्लाजा इंचार्ज ने मृतक परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद ही शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। एसीपी एत्मादपुर पियूष कांत राय ने बताया कि परिजन मुआवजे की मांग कर रहे थे। इस पर उन्हें प्रशासन के सहयोग से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इस पर वो शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए।
पुलिस ने गलत दिशा से निकलवाई एंबुलेंस
नोएडा की तरफ से आने वाले पर्यटक वाहन और एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस को निकालने के लिए टोल कर्मियों ने प्रयास किया। उन्हें गलत दिशा से निकलवाया। मगर, पर्यटक वाहन नहीं निकल सके। गर्मी में लोगों का हाल बेहाल हो गया।