फिरोजाबाद में हैवी बाइकों से स्टंट करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। उनके 20 हजार से अधिक के चालान कर बाइकों को सीज किया जा रहा है। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के ईंधोन पुल पर युवती का बुलट बाइक से स्टंट का वीडियो वायरल हुआ था। यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 हजार रुपये का चालान कर बाइक सीज कर दी है।
विज्ञापन
युवती का बुलट बाइक पर स्टंट का वीडियो पिछले दो दिन से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ था। जब पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस बाइक और उसके स्वामी की छानबीन में जुट गई थी। मंगलवार को एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले तो बाइक का पता किया इसके बाद लाइनपार थाने में बाइक स्वामी को बुलवाकर माफीनामा लिखवाया गया। यातायात प्रभारी महेश यादव ने बाइक का 22 हजार रुपये का चालान कर एमवी एक्ट में बुलट बाइक सीज कर दी है।
एसपी सिटी और यातायात रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ था। संज्ञान लेते हुए यातायात प्रभारी ने बुलट बाइक का 22 हजार रुपये का चालान करते हुए एमवी एक्ट में बाइक सीज कर दी है।