आगरा में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और जिला महासचिव के वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को सोशल मीडिया पर दो और वीडियो वायरल हुए। ये कांग्रेस कमेटी के व्हाट्सएप ग्रुप में भी पोस्ट किए गए। इसलिए माना जा रहा है कि इनके पीछे भी कांग्रेसी ही हैं। दोनों वीडियो कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू के बारे में है। इनमें यह बताया गया है कि चिल्लू ने एक महिला से एससी-एसटी का फर्जी केस दर्ज करवाया था।
वीडियो-एक
एक घर में महिला अपनी बेटी और बेटे के साथ बैठी है। इसमें वीडियो बनाने वाला व्यक्ति महिला से सवाल कर रहा है और महिला जवाब दे रही है।
महिला : एप्लीकेशन देने की कह रहे थे, वो मुझे नहीं दी थी, टाइप भी उन्होंने करवाई थी। सब कुछ उन्होंने किया। उन दिनों मैं पैसों को लेकर परेशान थी।
वीडियो वाला- कौन लेकर आए आपको?
महिला: चिल्लू लेकर आए थे और एक और आदमी था।
वीडियो वाला: कौन ? मेहता
महिला- चिल्लू ने बोला था कि हिमांशु से पैसा ले लो, मैं इस चक्कर में आ गई। पैसे की परेशानी थी। एप्लीकेशन वगैरह सब कुछ चिल्लू ने लिखवाई। मेरा दिल कांप रहा था कि यह गलत काम है। अंतरात्मा धिक्कार रही थी।
वीडियो वाला: कहां ले गए थे आपको ?
महिला: थाने ले गए, एसपी के पास गए थे, वहां एप्लीकेशन नहीं ली, फिर थाने ले गए, वहां ले ली। इसके बाद एक दो बार पैरवी के लिए ले गए।
वीडियो वाला: क्या एससी -एसटी एक्ट का मुकदमा लिखाने को बोला था ?
महिला: मेरी तो सुनी नहीं, अपनी मर्जी से लिखवा दिया था इन्होंने ( चिल्लू ने ) ।