आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के समन्वय से 7 से 10 फरवरी तक प्रदेशीय सब-जूनियर बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। प्रतियोगिता में कुल 40 मुकाबले खेले गए। वाराणसी मंडल की टीम विजेता बनी।
प्रतियोगिता में कुल 19 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 17 मंडल, एक स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर व एक छात्रावास अयोध्या की टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को खेले गए हार्डलाइन मैच में प्रयागराज मंडल और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच मुकाबला हुआ। स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की टीम ने 25-19, 15-25, 26-24, 25-19 से जीत हासिल की। फाइनल मुकाबला वाराणसी मंडल और अयोध्या छात्रावास के बीच खेला गया। जिसमें वाराणसी मंडल की टीम ने 25-16, 25-19, 25-17 के सेटों में 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज कर प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि एत्मादपुर के भाजपा विधायक डाॅ. धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, राजेश यादव, सुनील तिवारी, सविता श्रीवास्तव, विजयलक्ष्मी सिंह ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान विजय कुमार, राकेश बेदी, श्वेता चारंग, एसएस चौहान, लक्ष्मन सिंह, पूनम सोनी, मनीष कुमार वर्मा, कल्पना चौधरी, जावेद आदि मौजूद रहे।