खंदौली। एक निजी स्कूल की कक्षा छह की 12 वर्षीय छात्रा से स्कूल वैन चालक एक सप्ताह से अश्लील हरकत कर रहा था। डरी सहमी छात्रा ने मंगलवार को स्कूल जाने से मना कर दिया। मां ने प्यार से पूछा तो उसने रो-रोकर अपने साथ हो रही गंदी बात की जानकारी दी। परिजन ने वैन चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। छात्रा की मां की तहरीर पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कक्षा 6 की छात्रा कई दिनों से स्कूल जाने से मना कर रही थी। डरी सहमी छात्रा से उसकी मां ने स्कूल न जाने की वजह पूछी तो वह रोने लगी। उसने बताया कि वैन का चालक दौजीराम पिछले एक सप्ताह से उसे रोजाना आगे की सीट पर बिठा लेता है। गलत तरीके से छूता है। वह उसके साथ नहीं जाएगी। मंगलवार की सुबह आरोपी स्कूल वैन चालक जब छात्रा के घर पहुंचा तो परिजन ने उसे पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पीड़ित छात्रा की मां ने आरोपी वैन चालक के खिलाफ थाना खंदौली में तहरीर दी। परिजन का आरोप है कि थाने पर मौजूद कुछ लोगों और स्कूल प्रबंधन की ओर से उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर आरोपी वैन चालक के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसको जेल भेज दिया गया है।