टीकाकरण शिशुओं का स्वास्थ्य रक्षा कवच है
- बाल पोषण स्वास्थ्य माह का दूसरा चरण शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बाल स्वास्थ्य पोषण माह का द्वितीय चरण बुधवार से शुरू हो गया। चेयरमैन संगीता गुप्ता और सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने अर्बन पीएचसी हिंदपुरम में बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। चेयरमैन ने कहा कि विटामिन ए संपूर्ण अभियान बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अति महत्वपूर्ण खुराक है। टीकाकरण शिशुओं का स्वास्थ्य रक्षा कवच है।
सीएमओ ने बताया कि बच्चों के जन्म से ही समयबद्ध रुप से टीकाकरण उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूती देने में सहायक है। टीकाकरण शिशुओं का स्वास्थ्य रक्षा कवच है। सीएमओ ने कहा कि इस अभियान में 9 माह से पांच साल तक के बच्चों को प्रत्येक टीकाकरण सत्र पर विटामिन-ए खुराक एवं अन्य टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा। इसके लिए लगभग 2,113551 बच्चों का लक्ष्य निर्धारित है। विभिन्न बीमारियों पोलियो, हिपेटाइटिस बी, डिप्थीरिया, इत्यादि से बचाव और गर्भवती माताओं को टीडी टीकाकरण की सुविधा जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर दी जा रही है।
ये करेंगे मॉनीटरिंग
अभियान की मॉनीटरिंग के लिए डॉ. राकेश कुमार को घिरोर और बरनाहल, डाॅ. बिजेंद्र सिंह को कुरावली और सुल्तानगंज, डाॅ. आशुतोष को बेवर और मानपुरहरी, डाॅ. संजीव बहादुर राव को किशनी और जागीर, डाॅ. अनिल कुमार को करहल और मैनपुरी अर्बन तथा डाॅ. अजय कुमार को कुचेला क्षेत्र की सघन मॉनीटरिंग के लिए क्षेत्र आवंटित किए गए हैं।