युवती को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश
शोर मचाने पर गाड़ी छोड़ कर भागा आरोप, बेवर थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। एक गांव निवासी एक युवती बहन के साथ खेत की ओर जा रही थी। तभी आरोपी युवक ने वहां आकर जबरदस्ती एक युवती को बाइक बैठाने की कोशिश की। जब विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी गाड़ी को छोड़ धमकी देकर भाग निकला। पीड़िता के परिजन ने थाने में तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने मंगलवार को थाने में शिकायती पत्र दिया। पुलिस को बताया कि 24 दिसंबर की शाम को उसकी दो पुत्रियां खेत पर जा रहीं थी। तभी गांव रुद्रपुर निवासी एक युवक बाइक लेकर वहां आया और एक पुत्री को जबरदस्ती बाइक पर बैठाने लगा। दोनों पुत्रियों ने विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र होने लगे। लोगों को आता देख आरोपी बाइक को वहीं खड़ा छोड़ कर धमकी देते हुए भाग निकला। युवतियों ने घर पहुंच कर परिजन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता के पिता की ओर से मंगलवार को थाने में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच व आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।