सीनियर सिटीजन एवं बीमारों का टीकाकरण करने के लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है। बृहस्पतिवार से इनका टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए सरकारी एवं निजी क्षेत्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए 112711 सीनियर सिटीजन चुने गए हैं। इनमें से सोमवार को उद्घाटन के मौके पर 183 सीनियर सिटीजन का टीकाकरण किया गया। चार मार्च से टीकाकरण शुरू होगा। सरकारी क्षेत्र में जिला अस्पताल पर सप्ताह के 6 दिन टीकाकरण की व्यवस्था रहेगी।
टीकाकरण कराने के लिए जिला अस्पताल पर 60 प्रतिशत रजिस्टर्ड लोगों का 9 बजे से टीकाकरण होगा जबकि 40 प्रतिशत लोगों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कर टीका लगाया जाएगा। सभी 7 स्वास्थ्य केंद्रों पर सप्ताह में सोमवार, बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार का दिन निर्धारित किया गया है। इन पर रजिस्टर्ड अन रजिस्टर्ड के लिए 50-50 प्रतिशत कोटा निर्धारित किया गया है। अपंजीकृत लोगों का टीकाकरण 11 बजे के बाद होगा। निजी क्षेत्र के लिए मिशन व कलावती अस्पताल चिह्नित किए गए हैं।
सीनियर सिटीजन एवं बीमारों के लिए टीकाकरण को शासन से गाइड लाइन निर्धारित कर दी गई है। गाइड लाइन के अनुसार ही टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए किसी प्रकार का भ्रम न रखें। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। टीकाकरण के लिए सीनियर सिटीजन के लिए आईडी प्रूफ तथा बीमार के लिए आईडी के साथ बीमारी का प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। -डॉ. अंजुश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।