आगरा में कोरोना वायरस के नए मरीज बढ़े हैं। चौथी लहर ने दस्तक दे दी है। इससे अभिभावक भी सजग हो गए हैं और अपने बच्चों को बूथ पर टीकाकरण कराने ले जा रहे हैं। बीते 15 दिन में 12 से 14 साल तक के बच्चों का करीब दोगुना टीकाकरण हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे और किशोर-किशारियां टीकाकरण में आगे हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 12 से 14 साल तक के 1.87 लाख बच्चों को टीका लगना है। इनमें से 73 हजार बच्चों को पहली डोज लग गई है। खासतौर से बीते 10-15 दिनों में टीकाकरण की दर दोगुना के करीब हुई है। जहां 15 दिन पहले तक 25 हजार बच्चों को टीका लगा था, बीते 15 दिन में 48 हजार बच्चों के वैक्सीन लग चुकी है। 15 से 17 साल के किशोर-किशोरियों की बात करें तो 82 फीसदी को पहली और 38.9 प्रतिशत को दूसरी डोज लगी है।
टीकाकरण के आंकड़े
187179: बच्चे हैं 12 से 14 साल तक के
73206: बच्चों को लगी वैक्सीन की पहली डोज
1691: बच्चों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई
309916: किशोर-किशोरियों को लगना है टीका
255368: किशोर-किशोरियों को लग चुकी है टीके की पहली डोज
120628: किशोर-किशोरियों को टीके की दूसरी डोज लगी
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे, किशोर-किशोरियां ज्यादा जागरूक
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि टीकाकरण में ग्रामीण क्षेत्र के 12 से 14 साल तक के बच्चे आगे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के 1,17,839 बच्चे लक्षित हैं, जिनमें से 50,989 टीका लगवा चुके हैं। इनका औसत 43.3 प्रतिशत है। शहरी बच्चों की बात करें तो 13,04,497 बच्चों में से 22,217 को टीका लगा है, ये औसत 32 प्रतिशत है। 15 से 17 साल के किशोर-किशोरियों में 1,91,792 में से 1,83,913 को पहली डोज लग चुकी है, औसत 95.90 फीसदी रहा। शहरी क्षेत्र के 1,18,124 में से 71,455 को टीका लगा है। इसका औसत 60.5 फीसदी है।
बीएसए से मांगी जा रही बच्चों की संख्या
जिला टीकाकरण प्रभारी ने बताया कि पांच से 12 साल तक के बच्चों के टीकाकरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसकी सही जानकारी बीएसए से मांगी जा रही है। बच्चों का टीकाकरण भी पहले से संचालित किशोर-किशोरियों और 12 से 14 साल तक के बच्चों वाले बूथों पर कराया जाएगा।