डिप्टी सीएम ने परखी संयुक्त जिला अस्पताल की व्यवस्था
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार की शाम वृंदावन के जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के आदेश दिए। कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर के अलावा मरीजों को दी जाने वाली दवाओं का विवरण देखा। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों से वार्ता कर उनसे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य सुविधायें प्राप्त हों। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने अवगत कराया है कि टीएफसी में कोविड-19 कमांड सेंटर की स्थापित है। मौर्य ने पर्यटन फैसिलिटी सुविधा केंद्र में बने कोविड-19 कमांड सेंटर का भी निरीक्षण किया।
श्रीबांकेबिहारी की शरण में पहुंचे डिप्टी सीएम
केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार की शाम ठाकुर श्रीबांकेबिहारी की शरण में पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर सेवायत मयंक गोस्वामी, गोपाल गोस्वामी और ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने डिप्टी सीएम को पूजन कराया। मंदिर में सजे फूलबंगले के बीच विराजे ठाकुर श्रीबांकेबिहारी की छवि को डिप्टी सीएम अपलक निहारते रहे। ठाकुर बांके बिहारी महाराज का जयकारा लगाया। मंदिर के सेवायत गोपी गोस्वामी ने मौर्य को प्रसादी भेंट कर वृंदावन आने पर आभार जताया।