आगरा के एक युवक के फोन नंबर का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर मुजफ्फरनगर में टीका लगवाया गया है। कोविन पोर्टल पर लाभार्थी और टीकाकरण कराने वाले कर्मचारी का नाम भी आ रहा है। ओटीपी पर मैसेज आने पर पीड़ित ने 27 दिसंबर को शिकायत की।
खंदारी निवासी सुनीत चौहान ने बताया कि 27 दिसंबर को उनके मोबाइल नंबर का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर दो व्यक्तियों का टीकाकरण हुआ। इसका ओटीपी आने पर स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी लेकिन कोई जांच नहीं की गई।
प्रमाणपत्र में लाभार्थी और टीका लगाने वाले का नाम
पोर्टल पर उन्होंने ओटीपी के जरिए टीकाकरण प्रमाणपत्र जांचा तो इसमें लाभार्थी का नाम, उम्र और टीकाकरण कराने वाले कर्मचारी की जानकारी आई। बूथ का नाम शेखपुरा सीएल मुजफ्फरनगर दर्ज था। इस प्रमाणपत्र समेत दोबारा से इसकी शिकायत की है।
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि आगरा के नंबर से फर्जी तरीके से मुजफ्फरनगर में टीकाकरण की शिकायत मिली है, वहां के जिला टीकाकरण प्रभारी से इसका पता कर जांच कराएंगे।