आगरा जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिला पर्यावरण समिति, पाैधरोपण और गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंचाई विभाग ने उटंगन नदी के जीर्णोद्धार कराने, डूब क्षेत्र में मुड्डियां लगवाने की बात कही। जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु गुणवत्ता में सुधार के आंकड़े पेश किए।
जिला पर्यावरण समिति बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अगस्त महीने में वायु गुणवत्ता को अच्छा बताया। डीएम ने खनन और निर्माण कार्य करने वाले विभागों को पर्यावरण मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण और कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं।
नदियों के किनारों पर बसे गांवों को गंगा ग्राम का बनाने और ग्रीन चौपाल का गठन करने का निर्देश दिए। सिंचाई विभाग ने डीएम से कहा कि डूब क्षेत्र निर्धारण कॉर्डिनेट्स के अनुसार होगा। निर्धारण व मुड्डियां लगाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, राजेश कुमार, चांदनी सिंह आदि मौजूद रहे।