परीक्षार्थी हो गए मायूस
रविवार को जनपद स्तर पर टैट के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के साथ मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए। पहली पारी की परीक्षा माध्यमिक वर्ग की सुबह 10 से 12:30 बजे तक होनी थी। इसमें 21,078 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जबकि दूसरी पारी की परीक्षा में पूर्व माध्यमिक स्तर के परीक्षार्थियों की थी जिसमें 13,062 परीक्षार्थियों को शामिल होना था।
सभी परीक्षार्थी समय पर केंद्रों पर पहुंचे। भीड़ का दबाव शहर भर में देखने को मिला। 10 बजे के बाद सूचना आई कि परीक्षा निरस्त कर दी गई है। इससे परीक्षार्थी मायूस नजर आए। जैसे-जैसे यह सूचना केंद्रों तक पहुंची परीक्षा छोड़ने का क्रम शुरू हो गया।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि परीक्षा नियामक प्राधिकरण प्रयागराज के निर्देश पर दोनों पालियों की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। प्रदेश के दूसरे हिस्सों से आए परीक्षार्थियों को सुरक्षित वापस भेजे जाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि परीक्षा पेपर आउट करने के मामले में एसटीएफ की छापेमारी के बारे में यहां की पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। दो लोगों की गिरफ्तारी के मामले में उन्हें कोई एसटीएफ की तरफ से सूचना नहीं दी गई।