रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा देने आगरा आए अभ्यर्थियों को दूसरे दिन भी इम्तिहान देना पड़ा। रविवार को परीक्षा छूटने के बाद बस अड्डों से लेकर रेलवे स्टेशनों पर भीड़ उमड़ी पड़ी। रोडवेज बसों में सीटों के लिए मारामारी के हालात रहे। वहीं उत्तर मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों के लिए प्रयागराज और कानपुर से आगरा के लिए दो ट्रेनें चलाईं, जो नाकाफी रहीं। इसके कारण दूसरे दिन भी अभ्यर्थियों को घर जाने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आगरा कैंट और फोर्ट स्टेशन पर भारी भीड़ रही। जनरल बोगी में जगह नहीं मिली तो अभ्यर्थी स्लीपर कोच में चढ़ गए, जिससे स्लीपर कोच भी खचाखच भर गए।
टूंडला से भी चलाई गईं ट्रेनें
फिरोजाबाद में पीईटी परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन प्रयागराज, कानपुर, टूंडला रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। इस दौरान विशेष काउंटर खोले गए तथा सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया। 12 कोचों वाली चार स्पेशल ट्रेनों को चलाया गया है। रविवार दोपहर दो बजे कानपुर सेंट्रल से टूंडला जंक्शन के लिए स्पेशल ट्रेन को चलाया गया।
यह ट्रेन पनकी धाम, फफूंद, इटावा, फ़िरोजाबाद के ठहराव के बाद टूंडला स्टेशन पहुंची। इसी तरह टूंडला रेलवे स्टेशन से रविवार सात बजे टूंडला से प्रयागराज के लिए एवं रात्रि नौ बजे टूंडला से कानपुर के लिए ट्रेन को चलाया गया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि परीक्षार्थियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशनों पर जिला प्रशासन के सहयोग से हेल्प डेस्क भी लगाई गई।