मलपुरा। क्षेत्र के गांव कुबूलपुर में सरकारी राशन की दुकान से कम राशन दिए जाने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया।
थाना मलपुरा के गांव कबूलपुर में स्थित सरकारी राशन की दुकान पर बृहस्पतिवार को नगला सीसिया के ग्रामीण राशन लेने गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर कार्डधारकों को एक-एक किलोग्राम कर राशन का वितरण कर रहा था। विरोध करने पर भी पूरा राशन नहीं दिया गया। इस पर ग्रामीणों ने दुकान पर हंगामा कर दिया।
गांववालों ने बताया कि प्रति यूनिट पांच किलोग्राम गेहूं मिलना चाहिए, लेकिन चार किलोग्राम ही दिया जा रहा था। गांववालों ने इसकी शिकायत फोन से आपूर्ति निरीक्षक से की। उन्होंने ग्रामीणों को गांव आकर मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद गांववाले शांत हुए।
मौके पर गोपाल प्रधान, विजयपाल सिंह, श्रीभगवान, प्रीतम सिंह, गोरेलाल, नवरत्न, गजेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, नरेंद्र कुमार आदि रहे। वहीं आपूर्ति निरीक्षक अजय चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह चुनाव संबंधी ड्यूटी पर थे। शुक्रवार को गांव जाकर मामले की जांच की जाएगी। संवाद