आगरा के फतेहपुर सीकरी में जय श्रीराम मंदिर पर बुधवार रात अग्रवाल सेवा समिति की आम सभा की बैठक के दौरान पुलिस के कस्बा इंचार्ज द्वारा कथित तौर पर समाज के लोगों को अपशब्द कहने पर हंगामा हो गया। इससे आक्रोशित समाज के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
http://
बताया गया है कि जय श्रीराम मंदिर पर अग्रवाल समाज की आम सभा की बैठक चल रही थी। बैठक में कुछ लोगों की ओर से पुलिस को भी बुलाया गया था। इसी दौरान कस्बा इंचार्ज द्वारा कथित तौर पर बैठक में मौजूद लोगों को डांटने के दौरान अपशब्द कह दिए गए। इससे वहां मौजूद अग्रवाल समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस की हूटिंग करते हुए विरोध जताया और नारेबाजी करते हुए थाने पहुंच गए।
समाज के लोगों ने थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह से मामले की शिकायत करते हुए कथित रूप से अपशब्द कहने वाले कस्बा इंचार्ज और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक ने समाज के लोगों से संयम बरतने की अपील की। मामले को लेकर समाज के लोगों ने सांसद और भाजपा जिलाध्यक्ष को भी घटना से अवगत कराया है। देर रात तक समाज के लोग थाने पर एकत्र रहे और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। घटना को लेकर कस्बे में चर्चाओं का दौर जारी रहा।