कुरावली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को पत्नी को उपचार दिलाने पहुंचे एक तीमारदार ने स्वास्थ्य कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं वार्ड ब्वॉय की ओर से भी पीटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
गांव कालाखेत निवासी सतेंद्र यादव शनिवार को बीमार पत्नी मधु को उपचार के लिए लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचेे। वहां कुछ स्वास्थ्य कर्मियों से विवाद हो गया, इसके बाद सत्येंद्र ने स्वास्थ्यकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। इस मामले में वार्ड ब्वॉय रामवीर सिंह ने भी तहरीर दी। आरोप लगाया कि सत्येंद्र यादव ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें मधु जमीन पर पड़ी हुई है वहीं पति स्वास्थ्यकर्मियों पर आरोप लगा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक मुनींद्र सिंह चौहान का कहना है कि बीमार मधु का इलाज अस्पताल में हुआ, बाहर की दवा लिखे जाने को लेकर पति सत्येंद्र शराब के नशे में स्वास्थ्य कर्मियों को गाली देने लगा। पुलिस ने स्वास्थ्यकर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।