पटियाली। कोतवाली क्षेत्र के करनपुर गांव में शुक्रवार की रात युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस के शिथिलता बरतने पर युवक के परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया। ग्रामीणों ने मृतक युवक का शव लेकर सुबह से ही हंगामा शुरू कर दिया। हंगामें के दौरान ग्रामीणों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों की मांग थी कि युवक अजय की मौत पिटाई से हुई है। मांग उठाई की युवक के शव का पोस्टमार्टम दोबारा से डॉक्टरों का पैनल गठित कर कराया जाए। साथ ही युवक की पिटाई करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। पांच घंटे चले प्रदर्शन के बाद पुलिस के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को समझाकर बुझाकर शांत कराया।
बताते चले कि कोतवाली क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी युवक अजय (35) की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक युवक की हालत रात में बिगड़ गई। उसे खून की उल्टियां हुई, जबतक परिवार के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने गांव के युवक पर पिटाई किए जाने का आरोप लगाए थे। परिजन ने बताया कि आरोपी ने अजय की दो बार पिटाई की थी, इसके चलते उसकी मौत हुई।
शनिवार को युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शाम तक युवक के शव का पोस्टमार्टम हुआ। शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में और रिश्तेदारों व ग्रामीणों में आक्रोश पनपता रहा। रविवार को सुबह के समय ग्रामीण युवक का शव लेकर उच्च अधिकारियों से मिलने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को रोक दी। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस आरोपी को बचाने के लिए न तो पैनल से पोस्टमार्टम करा रही है और न ही एफआईआर लिख रही है। स्थिति तनाव पूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिसबल मौके पर बुलाया गया। सीओ राजकुमार पांडे, तहसीलदार जितेंद्र सिंह ग्रामीणों व परिजनों से वार्ता को पहुंचे, लेकिन ग्रामीण बात मानने को तैयार नहीं हुए। बाद में एएसपी राजेश भारती मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश शांत होने का नाम नहीं ले रहे थे। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो परिजन और ग्रामीणों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई। बाद में पीड़ित पक्ष से कुछ जानकार को बुलाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिखाई। जिसमें मौत का कारण हार्ट अटैक दिखाया। इसके बाद परिवार के सदस्य शांत हुए।