आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने वर्ष 2026-27 सत्र के लिए आयोजित होने वाले सभी आयु वर्ग ट्रायल के ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी से 2 मार्च तक कर दी है। इससे उन खिलाड़ियों को दोबारा अवसर मिला है, जो आवेदन नहीं कर सके थे।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने बताया कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी आधिकारिक पोर्टल https://registration.upca.tv/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते ही पोर्टल से रजिस्ट्रेशन आईडी स्वतः जारी हो जाएगी।
भरनी होगी पूरी जानकारी
पंजीकरण के दौरान खिलाड़ी को अपना नाम, पता, पिता का नाम, आयु, जनपद और संबंधित आयु वर्ग की जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी। निर्धारित 400 रुपये का शुल्क पोर्टल के माध्यम से चालान के रूप में जमा किया जाएगा। लॉगइन केवल खिलाड़ी के अपने मोबाइल नंबर से ही संभव होगा, जिससे वह बाद में आवेदन की स्थिति भी देख सकेगा।
जरूरी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य
रजिस्ट्रेशन करते समय वर्तमान फोटो, आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही खिलाड़ी पंजीकरण कर सकेगा, हालांकि पात्रता अनुसार एक से अधिक आयु वर्ग में आवेदन किया जा सकता है। शुल्क चालान की प्रति लेकर खिलाड़ी को डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यालय फुट ऑन शूज बिल्डिंग, सिकंदरा (केके नगर पेट्रोल पंप के सामने) सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पहुंचना होगा।