आगरा। होबार्ट में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में भारतीय महिला टीम को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि आगरा की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपनी कसी हुई स्पिन गेंदबाजी का प्रभाव मैच में छोड़ा।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 251 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 36.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। दीप्ति शर्मा इस मैच में बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे सकीं, वह मात्र एक रन बनाकर आउट हो गईं। लेकिन फिरकी गेंदबाजी में अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 5 ओवर की स्पेल में 32 रन देकर 2 अहम विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 12 डॉट गेंद फेंककर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। पूर्व क्रिकेटर सर्वेश भटनागर ने दीप्ति शर्मा की गेंदबाजी की सराहना की।