आगरा। यूपी वॉरियर्स ने 9 जनवरी से शुरू हो रहे विमेंस प्रीमियर लीग 2026 से ठीक पहले नेतृत्व में बदलाव करते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग को टीम की नई कप्तान नियुक्त किया है। हालांकि टीम की धुरी अब भी आगरा की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के इर्द-गिर्द ही घूमता नजर आ रहा है।
पिछले सीजन में जब नियमित कप्तान एलिसा हीली चोट के कारण बाहर रहीं, तब दीप्ति शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को मजबूती दी थी। दबाव के क्षणों में उनका शांत नेतृत्व, रणनीतिक समझ और हरफनमौला प्रदर्शन यूपी वॉरियर्स के लिए संबल बना। यही कारण है कि कप्तानी भले इस बार बदली हो लेकिन मैदान पर प्रदर्शन की धुरी दीप्ति ही रहेंगी। गेंद से कसी हुई लाइन-लेंथ, बल्लेबाजी में जिम्मेदारी और फील्डिंग में चुस्ती तीनों विभागों में उनका योगदान टीम को संतुलन देता है। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी निशा अग्रवाल का कहना है कि लीग 2026 में यूपी वॉरियर्स नए नेतृत्व के साथ उतर रही है। पर संदेश साफ है, कप्तानी बदली है, भरोसा नहीं। भरोसा आगरा की दीप्ति शर्मा पर कायम है।