एटा में एसटीएफ ने रविवार को किराये के मकान में रहने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। लोगों में चर्चा है कि दोनों बदमाश बाबरिया गिरोह के हैं। यह भी चर्चा है कि बदमाशों से एक करोड़ रुपये नकद और अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं। हालांकि पुलिस घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं। एसटीएफ नोएडा, प्रयागराज और बदायूं जिले की बताई जा रही है।
शहर के मोहल्ला विवेक नगर बालाजी मंदिर के पीछे स्थित बॉबी ठाकुर के मकान में एक वर्ष से दो लोग किराये पर रह रहे थे। एसटीएफ के रडार पर ये दो लोग कई दिनों से थे। एसटीएफ दोनों को तलाश कर रही थी। रविवार को सादा कपड़ों में आई एसटीएफ ने दोनों बदमाशों पकड़ लिया।
मकान मालिक बॉबी ने बताया कि मंदिर में रहने वाले उदयवीर सिंह ने बताया था कि दोनों उनके साले हैं। इसलिए उन्हें 1500 रुपये में दोनों को मकान का एक कमरा किराये पर दे दिया। इसी मकान में रहने वाले अन्य लोगों ने बताया कि दोनों बदमाश महीने में दो-चार दिन ही आते थे। ये लोग जब एटा आते थे तो महिलाएं कमरे में सोती थी और उक्त दोनों मंदिर की कोठरी में सोते थे।
बैग में नकदी और हथियार होने की आशंकाएं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों से दो बैग और हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने कमरे से जेवरात के दो टिफिन कब्जे में लिए हैं। इनमें सोने और चांदी के आभूषण होने की बात सामने आ रही हैं। इन सबसे साबित हो रहा है कि पुलिस के हाथ बड़े अपराधी लगे हैं। इनके तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं।
किराया पूरा, रुकना दो दिन
दोनों बदमाश मकान का किराया पूरा देते थे लेकिन रहते दो-चार दिन ही थे। इसको लेकर भ्रम अन्य किराएदारों को भी था लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधियां नहीं होने के चलते कभी शक नहीं किया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी किए जाने के बाद लोगों को गड़बड़ होने की आशंका हुई।
जिले की पुलिस करती रही गुमराह
पुलिस के उच्चाधिकारियों से लेकर अन्य पुलिस कर्मी दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुए। कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि बदायूं में किसी लड़की को भगाने के मामले में दो युवकों को पुलिस पकड़कर ले गई है।
पुलिस के विरोधाभासी बयानों को लेकर भ्रम पैदा हुआ और लोग समझ नहीं सके कि आखिर किस स्तर के अपराधी हैं। मोहल्ला में पूरी दिन चर्चाएं होती रही कि आधुनिक हथियार और बड़ी संख्या में नकदी पुलिस के हाथ लगी है।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दो अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। पूछताछ की जा रही है। पूछताछ होने के बाद जो सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जानकारी दी जाएगी।