पुलिस विभाग में सिपाही पति और उसके परिजन पर विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरोप है कि शादी के दो माह बाद ही विवाहिता को कमरे में भूखा-प्यासा बंद कर दिया गया। तीसरे माह पति उसे जबरन मायके छोड़ गया। ट्रांस यमुना थाने में पति समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
श्रीराम धाम कॉलोनी, चंदन नगर निवासी सोनम कुशवाह ने बताया कि उनकी शादी 10 मार्च को तेज प्रकाश पुत्र हरिमोहन निवासी पीपल खेड़ा, सैंया के साथ हुई थी। पति उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और मेरठ पुलिस लाइन में तैनात है। शादी में पिता ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि शादी के बाद पति तेज प्रकाश, सास मुन्नी देवी, ससुर हरिमोहन और देवर-ननद समेत अन्य परिजन कम दहेज का ताना देकर पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
विरोध पर पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। 29 अप्रैल को सास ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पति उसे मायके के बाहर छोड़कर चला गया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।