यूपी पंचायत चुनाव 2021: फतेहाबाद ब्लाक के मतदान केंद्र पर लगी मतदाताओं की कतार
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार सुबह खेरागढ़, दोपहर में बाह, शाम को अछनेरा में सबसे अधिक मतदाता केंद्रों पर पहुंचे। शाम 5 बजे तक 63.55 फीसदी मतदान हुआ था। पांच से 6 बजे तक कितने वोट पड़े ये सूचना देर रात तक संकलित नहीं हो सकी। कई मतदान केंद्रों पर हंगामा, मारपीट और पोलिंग पार्टियों पर हमले के कारण ब्लॉक वार अंतिम सूचना प्राप्त नहीं हो सकी।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के मुताबिक ब्लॉक वार मतदान प्रतिशत की सूचनाएं एकत्रित हो रही हैं। जिले में कुल 71.61 फीसदी मतदान हुआ है। बता दें कि वर्ष 2015 में पहले चरण में जिले में 67.25 फीसदी मतदान हुआ था। तब चार चरणों में चुनाव कराया गया था। इस बार एक चरण में पूरे जिले में मतदान हुआ है।
अछनेरा में सबसे अधिक मतदान
सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ब्लॉक वार मतदान का प्रतिशत बदलता रहा। सुबह 9 बजे तक 15 ब्लॉक में खेरागढ़ में सबसे ज्यादा 13 फीसदी मतदान हुआ। 11 बजे यहां मतदान 25 फीसदी हो चुका था। दोपहर में यहां मतदान में कमी आई तो बाह में मतदाता निकले। दोपहर एक बजे तक बाह में सबसे ज्यादा 39.40 फीसदी वोट पड़े।
फिर अपराह्न 3 बजे जगनेर में मतदान बढ़कर 55.40 फीसदी हो गया। शाम पांच बजे अछनेरा ब्लॉक मतदान में सबसे आगे निकल गया। पांच बजे तक यहां 70 फीसदी मतदान हो चुका था। शाम पांच बजे तक सबसे कम मतदान 55 फीसदी खंदौली में हुआ है।