आगरा जिले में पंचायत चुनाव की आचार सहिंता लागू होने के बाद भी शस्त्र जमा की रफ्तार बहुत सुस्त है। 15 ब्लॉक में 70 फीसदी असलहा जमा नहीं हुए हैं। 25 हजार शस्त्र लाइसेंस धारकों में 7800 लोगों ने अपने असलहा जमा कराए हैं।
आगरा की 690 ग्राम पंचायतों में 15 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। 3 अप्रैल से नामांकन दाखिल होंगे। परन्तु शस्त्र जमा कराने में पुलिस प्रशासन लापरवाही बरत रहा है। 150 से अधिक शस्त्र दुकानों व 20 से अधिक देहात के पुलिस थानों में शस्त्र जमा कराने के निर्देश 15 फरवरी को जिला प्रशासन ने जारी किए थे।
पुलिस मुनादी करा रही है फिर भी शस्त्र जमा करने वालों की तादाद नहीं बढ़ रही। आयुध प्रभारी एवं एडीएम सिटी डॉ प्रभाकांत अवस्थी का कहना है कि पुलिस से थाना वार जमा हुए शस्त्रों की सूची मांगी गई है। जो शस्त्र जमा नहीं कराएंगे उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिला में 7800 शस्त्र जमा हुए हैं।
55 शस्त्र लाइसेंस हुए सरेंडर
दो से अधिक शस्त्र रखने वाले 55 लाइसेंस धारकों ने अपना एक एक शस्त्र जिला प्रशासन को सरेंडर कर दिए हैं। एडीएम सिटी के मुताबिक जिले में 170 लोगों को नोटिस जारी किए थे। जिनके पास 3 शस्त्र हैं उनमें एक जमा कराना था। 55 लोगों ने शस्त्र जमा किए हैं। बाकी लोगों के विरुद्ध पुलिस थानों से नोटिस भेजकर उनके विरुद्ध मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे।