नगर पालिका बोर्ड की बैठक शनिवार को हुई। इसमें चर्चा के बाद नगर के विकास के लिए 37 बिंदुओं पर 75 करोड़ रुपये के कार्यों पर सहमति हो गई। नौ बिंदुओं पर अगली बैठक में चर्चा के लिए निर्णय लिया गया।
शनिवार को नगर पालिका के सभागार में चेयरमैन मनोरमा देवी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हुई। इसमें 46 सूत्री एजेंडे पर चर्चा हुई। आधे घंटे तक चली बहस के बाद 37 बिंदुओं पर सहमति बन गई। नौ बिंदुओं पर अगली बैठक में चर्चा का निर्णय लिया गया। बैठक में मनोनीत सभासदों ने कुछ बिंदुओं पर नोंकझोंक की। लेकिन बाद में निर्वाचित सभासदों ने एकमत से 37 बिंदुओं पर अपनी सहमति दी। इसके बाद बोर्ड की बैठक संपन्न होने की घोषणा अध्यक्ष मनोरमा देवी ने की। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लालचंद भारती, सभासद राजीव मिश्रा, देव कुमार, विश्वनाथ सिंह, मधु यादव, निर्दोश कुमारी, रवि कुमार, एलकार सिंह, फूल बहार, संजीव कुमार, ब्रजेश कुमार, जेई राजीव सोनकर सहित सभी सभासद मौजूद रहे।
-----
बच्चों के लिए बनेगा मॉर्डन पार्क
बोर्ड की बैठक में आगरा रोड स्थित श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के सामने खाली पड़ी जगह में बच्चों के लिए मॉर्डन पार्क बनाए जाने का निर्णय लिया गया। चेयरमैन मनोरमा देवी ने बताया कि यहां के बच्चों और सभासद की मांग पर पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।
------
तांगा स्टैंड की जमीन पर निर्माण का अगली बैठक में होगा फैसला
बैठक में सबसे अधिक चर्चा का विषय तांगा स्टैंड की जमीन रही। तांगा स्टैंड की जमीन पर सिटी पोस्ट ऑफिस के पास चेयरमैन ने महिला मार्केट बनाने का प्रस्ताव रखा। इस पर सभासदों ने विरोध किया। सभासदों का कहना था कि यह जमीन आज भी तांगा स्टैंड के नाम से है। पहले इस जमीन का नाम परिवर्तित किया जाए इसके बाद इस पर महिला मार्केट की क्षमता का आंकलन किया जाए। सभासदों ने इस जमीन पर अगली बैठक में चर्चा का निर्णय लिया।