फायरिंग के बाद गांव नहारा में पुलिस फोर्स
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के बरसाना थाना के गांव नाहरा में गुरुवार को फर्जी मतदान को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों में पोलिंग बूथ पर जमकर लाठी-डंडे चले। कुछ देर बाद गोलियां चल गईं। एक घंटे से अधिक देर तक चलीं गोलियों से 16 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस तमाशबीन बनी रही। आधा घंटे तक मतदान रुका रहा। पुलिस ने 39 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
ग्राम पंचायत रांकौली में शामिल गांव नाहरा में सियाराम व मलखान पक्ष में फर्जी मतदान को लेकर पोलिंग बूथ पर लाठी-डंडा चल गए। पुलिस ने लाठी भांज कर दोनों पक्षों के लोगों को बूथ से भगा दिया। उसके बाद दोनों पक्ष गांव में पहुंच गए और वहां एक घंटे तक गोलियां चलती रहीं। पुलिस तमाशबीन बनी देखती रही।
फायरिंग एवं पथराव में दोनों पक्षों के 16 से अधिक लोग घायल हो गए। इंस्पेक्टर आजाद पाल सिंह ने गांव में पहुंच आरोपियों को हिरासत में लिया। डीएम नवनीत चहल और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसडीएम राहुल यादव, सीओ रमाकांत पाराशर ने गांव में पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया फर्जी मतदान को लेकर झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों के 39 लोगों को हिरासत में लिया है। गोली लगने से सियाराम पक्ष के तेजवीर, जगदेव, भूरी, सचिन, मंजू घायल हो गए। लाठी व फरसा चलने से भी सियाराम पक्ष के धनेश, प्रहलाद, शेर सिंह, अनिल, कान्हा, भूदेव व सियाराम घायल हो गए। मलखान पक्ष के मलखान सिंह के साथ आधा दर्जन व्यक्ति घायल हुए हैं। पुलिस सभी आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है।