जिले में पिछले एक माह से टीकाकरण की रफ्तार सुस्त है। सेक्टर-11 निवासी 49 वर्षीय विजय श्रीवास्तव ने बताया कि उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि आपको कोविशील्ड की पहली खुराक दी जा चुकी है। आप अपना टीकाकरण प्रमाणपत्र कोविन पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं।
ऐसा ही 50 वर्षीय लाड़ली देवी के साथ हुआ। लाड़ली देवी ने बताया कि जब मेरे साथ ऐसा हो सकता है तो और लोगों के साथ भी हुआ है। बिना टीका लगे ही टीकाकरण सफल होने का मैसेज आ गया। उन्होंने कहा कि मुझे आशंका है कि कहीं मेरे पंजीकरण पर किसी और व्यक्ति को टीका लगा है।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने कहा, कोविन पोर्टल पर डाटा में गड़बड़ी के कारण ऐसा हो सकता है। उन्हें घबराने की जरूरत नहीं। दोबारा पंजीकरण करा सकते हैं। उन्हें टीका लगाया जाएगा।
एक मई से तीसरा चरण हो रहा शुरू
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि एक मई से टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो रहा है। 18 साल से अधिक उम्र का कोई व्यक्ति पंजीकरण करा सकता है। उनके पंजीकरण शुरू हो गए हैं।
दावा: 2.8 लाख का हुआ टीकाकरण
जिले में 2.80 लाख लोगों के टीकाकरण होने का दावा स्वास्थ्य विभाग ने किया है। सीएमओ के मुताबिक दो चरणों में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं।