आगरा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। पंचायत चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था जिले को 12 सुपर जोन में बांटकर की जाएगी। प्रत्येक जोन में पुलिस के साथ पीएसी और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी।
पंचायत चुनाव में पुलिस खुराफातियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर रही है। 47 हजार से अधिक को पाबंद कर दिया गया है। हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की जा रही है। अवैध शराब लेकर आने वालों को पकड़ा जा रहा है। अधिकारी बैठक कर रहे हैं।
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि जिले को 12 सुपर जोन में बांटा गया है। इसके अलावा सेक्टर भी बनाए गए हैं। जोन और सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा तीन हजार से अधिक निरीक्षक, एसआई, सिपाही और होमागार्ड की ड्यूटी लगाई जाएगी।