उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा शुक्रवार को मोहनपुर अड़ूकी गांव में पहुंचे और पुलिस की गोली से मरे माधव के परिवार वालों से मुलाकात की। माधव के पिता और दादा ने मंत्री को पूरी घटना के बारे में बताया।
कैबिनेट मंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस की विवेचना चल रही है। अगर किसी ने विवेचना में भी खेल करने की कोशिश की तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस वालों ने गांव में आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दी थीं।
पुलिसवाले कह रहे थे कि बदमाश हैं। लेकिन आसपास में कहीं कोई बदमाश नजर नहीं आ रहा था। इसी फायरिंग में एक गोली बाग के पास बेर खा रहे माधव को लग गई थी। मंत्री ने कहा कि माधव के पिता अमरनाथ की प्राइवेट नौकरी लगवाई जाएगी। जो भी संभव होगा वह आर्थिक मदद करेंगे।