आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गंभीर कुपोषित (सैम) बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में भर्ती कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक में उन्होंने 80 पूर्ण हो चुके आंगनबाड़ी भवनों को तत्काल हस्तांतरित कर उनका संचालन शुरू कराने के लिए भी कहा।
डीएम ने निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के वजन और लंबाई के सही आंकड़े पोषण ट्रैकर पर दर्ज कर नियमित सत्यापन हो। जिले में 386 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों के लिए 6,929 और 322 सहायिकाओं के लिए 1,718 आवेदन आए हैं। चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखना अनिवार्य है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का प्रशिक्षण समय से पूरा कर हर बच्चे का रिपोर्ट कार्ड तैयार करें।
डीएम ने 21 अगस्त से 4 सितंबर तक प्रस्तावित बेसलाइन सर्वे में बच्चों का शत-प्रतिशत डाटा फीड करने को कहा है। जिले के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में लगाई गईं 212 एलईडी टीवी और 212 आरओ मशीनों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के अनुपात में महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्य सहित अन्य अधिकारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।