Janani Suraksha Yojana fraud: कोविड महामारी में 2021-22 से 2023-24 तक कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से महिलाओं के खाते खुलवाकर सरकारी अनुदान का घोटाला किया। फतेहाबाद सीएचसी में एक और महिला के नाम पर फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है। इसमें दो साल में एक महिला के 16 बार प्रसव और 4 बार नसबंदी दिखाकर 30,400 रुपये खाते से निकाल लिए गए हैं।
फतेहाबाद सीएचसी के जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) और नसबंदी भुगतान में घोटाला मिलने के बाद रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इसमें फतेहाबाद निवासी भूरी के सात फरवरी 2022 से 31 मार्च 2024 तक 20 बार भुगतान हुआ। इसमें 16 बार प्रसव दर्शाते हुए 22,400 रुपये (प्रति प्रसव 1400 रुपये) और 4 बार नसबंदी दिखाते हुए 8 हजार रुपये (प्रति नसबंदी 2 हजार रुपये ) खाते में आने का विवरण दर्ज है। अभी और संदिग्ध खातों की जांच की जा रही है। पहले भी चार महिलाओं के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रुपये का घोटाला पकड़ में आ चुका है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि सीएचसी फतेहाबाद में 5 खातों में गड़बड़ी मिली है। बाकी की जांच चल रही है। दोषियों पर केस दर्ज कर दिया है, जेल में हैं। दो फरार हैं।
ये भी पढ़ें - रक्त स्वाभिमान रैली: गढ़ी रामी में हाईवे की दुकानें बंद...बुलडोजर जब्त, हर रास्ते पर लगे बैरियर; पुलिस अलर्ट
खाते से और फर्जीवाड़े की आशंका
फतेहाबाद के नगला कदम निवासी अशोक कुमार स्वयं सहायता के नाम से महिलाओं के खाते खुलवाता था। इनमें यह अपना नंबर दर्ज कर पासबुक खुद ही रखता था। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि इन खातों में सरकारी अन्य योजनाओं में भी फर्जीवाड़ा कर सकता है। इसके लिए संबंधित बैंक के यहां भी इन खातों की पुलिस जांच करेगी।
ये भी पढ़ें - UP: रक्त स्वाभिमान रैली को लेकर पुलिस अलर्ट, आगरा में इस मार्ग पर वाहनों की एंट्री की गई बंद; डायवर्जन लागू
नहीं पकड़ पाई पुलिस, दो टीमें बनाई
जेएसवाई-नसबंदी घोटाले में डाटा एंट्री ऑपरेटर गौतम सिंह और ब्लॉक लेखा प्रबंधक अजहर को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। पुलिस की दो टीमों ने आगरा, शमसाबाद और फतेहाबाद में दबिश दी हैं, लेकिन वो पकड़ से दूर हैं। घोटाले में सरगना अशोक निवासी नगला कदम फतेहाबाद, ब्लॉक लेखा प्रबंधक नीरज अवस्थी और ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी गौरव थापा पहले से जेल में हैं।
| नाम |
प्रसव |
नसबंदी |
रकम (रुपये में) |
| कृष्णा |
25 |
5 |
45,000 |
| सुनीता |
18 |
3 |
31,200 |
| मछला देवी |
18 |
3 |
31,200 |
| राजकुमारी |
17 |
3 |
29,800 |
| भूरी |
16 |
4 |
22,400 |